आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर
दुर्ग। दुर्ग-खैरागढ़ मार्ग पर मोहंदी मोड़ के पास शनिवार को तेज बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े दो युवक अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए।बताया जा रहा है कि तेज बारिश के बीच दोनों युवक पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान पेड़ के पास जोरदार आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दोनों युवक आ गए।
हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से झुलस गया।घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।यह हादसा बोरी थाना क्षेत्र के लिटिया चौकी इलाके में दुर्ग-खैरागढ़ मार्ग स्थित मोहंदी मोड़ के पास हुआ।
पुलिस द्वारा मृतक और घायल युवक की पहचान सहित घटना के अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
