मोटरसाइकिल से मोरपल्ली पहुंचे कलेक्टर-सीईओ, चौपाल में सुनी समस्याएं,बोले- राशन, पानी, बिजली पर होगा तुरंत एक्शन, ग्रामीणों में जगा भरोसा

सुकमा के दूरस्थ मोरपल्ली गांव में विकास की रोशनी लेकर कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत CEO मुकुंद ठाकुर मोटरसाइकिल से उबड़-खाबड़ रास्ते पार कर पहुंचे। अफसरों को अपने बीच देख ग्रामीणों में उत्साह दिखा। चौपाल लगाकर कलेक्टर ने राशन, पेयजल, बिजली, आंगनबाड़ी की हालत जानी। ग्रामीणों ने खुलकर समस्याएं बताईं। कलेक्टर ने भरोसा दिलाया- अगले महीने से गांव में ही राशन दुकान शुरू होगी।

बोर खनन, सोलर मरम्मत, तालाब गहरीकरण और लंबित पटेल मानदेय का तुरंत भुगतान होगा। पेद्दाबोड़केल में स्कूल का निरीक्षण कर बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। सुरपनगुड़ा में साप्ताहिक बाजार शुरू करने और मिनपा उप स्वास्थ्य केंद्र की बाउंड्री वॉल बनाने के निर्देश दिए। महिलाओं को महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी कराने और आधार-आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए जागरूक किया। कलेक्टर का ये दौरा सिर्फ निरीक्षण नहीं था।

ग्रामीणों और शासन के बीच भरोसे की नई कड़ी बना। मौके पर SDM सुभाष शुक्ला, जनपद CEO सुमित ध्रुव भी मौजूद रहे।
