श्याम नगर, रिसाली में हनुमान प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न, विधायक ललित चंद्राकर ने की पूजा-अर्चना
दुर्ग। रिसाली के श्याम नगर में श्री हनुमान जी महाराज की पावन प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से अभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आचार्यों के सान्निध्य में वैदिक रीति से पूजन, हवन और प्राण प्रतिष्ठा की सभी धार्मिक रस्में संपन्न हुईं। विधायक ललित चंद्राकर ने भगवान श्री हनुमान के चरणों में प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि संकटमोचन हनुमान जी बल, बुद्धि और भक्ति के प्रतीक हैं तथा उनकी कृपा से समाज में सद्भाव, सेवा और धर्म के प्रति आस्था निरंतर मजबूत होती रहे, यही उनकी कामना है।
उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी का आशीर्वाद लेकर वे जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति देंगे।इस अवसर पर मरोदा पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, रिसाली मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, पार्षद मनीष यादव सहित मनोज साहू, लिलेश साहू, लाला जी, दीपक जी, श्याम जी एवं श्याम नगर के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
