थानखम्हरिया थाना में ACB की बड़ी कार्रवाई, 15 हजार रुपये रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक गिरफ्तार

थानखम्हरिया थाना में ACB की बड़ी कार्रवाई, 15 हजार रुपये रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक गिरफ्तार

बेमेतरा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को बेमेतरा जिले के थानखम्हरिया थाना में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक अजय लहरे को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बेमेतरा जिले में एक महीने के भीतर ACB की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

जानकारी के अनुसार, खैरझिटीकला निवासी दुर्गेश पटेल ने ACB से शिकायत की थी कि गांव में पेड़ कटाई से जुड़े विवाद के मामले में उनके खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई नहीं करने के एवज में प्रधान आरक्षक ने 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में दोनों के बीच 15 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की।

तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने केमिकल लगे 15 हजार रुपये प्रधान आरक्षक को सौंपे। रकम लेते ही पहले से निगरानी कर रही ACB की टीम ने आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।कार्रवाई के बाद ACB अधिकारियों ने थाना परिसर को अपने नियंत्रण में लेकर दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान थाने में बाहरी लोगों की आवाजाही भी सीमित कर दी गई। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद ACB की टीम आरोपी प्रधान आरक्षक को अपने साथ ले गई।इस कार्रवाई के बाद पूरे जिले में चर्चा का माहौल है।

लगातार दूसरी बार पुलिस विभाग के कर्मचारी पर हुई ACB की कार्रवाई से भ्रष्टाचार के खिलाफ एजेंसी की सख्त कार्रवाई एक बार फिर सामने आई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?