रसमड़ा रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के कोयला डिब्बे में लगी भीषण आग, अग्निशमन दल ने पाया काबू
दुर्ग। रसमड़ा रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्टेशन पर खड़ी कोयला लदी मालगाड़ी के एक डिब्बे में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखते ही देखते तेज हो गईं और पूरे कोयला डिब्बे को अपनी चपेट में ले लिया।घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की एक दमकल टीम मौके के लिए रवाना की गई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि कोयला डिब्बे से भीषण आग की लपटें निकल रही हैं और आग आसपास के डिब्बों तक फैलने का खतरा बना हुआ है।अग्निशमन दल ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया तथा उसे अन्य डिब्बों तक फैलने से रोक दिया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।अग्निशमन विभाग के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अग्निशमन दल प्रभारी धन्नु यादव तथा कर्मचारी संतोष, निखिल, रमेश, योगेश और हरीश ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।अग्निशमन विभाग ने बताया कि टीम की त्वरित कार्रवाई और समन्वय के चलते बड़ी जन-धन हानि होने से बच गई।
