नवपदस्थ कलेक्टर तुलिका प्रजापति से एनजीओ प्रतिनिधियों ने की सौजन्य भेंट
जिले के विकास, ग्रामीण आजीविका, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण के मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा

कवर्धा, 25 अगस्त 2026। जिले की नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति से कबीरधाम जिले के विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान जिले के समग्र विकास, ग्रामीण आजीविका, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।मुलाकात के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति का स्वागत कबीरधाम की अनूठी पहचान ‘बीरन माला’ पहनाकर किया गया।

उन्होंने बीरन पारंपरिक हस्तशिल्प एवं लोककला के महत्व को समझते हुए इसके संरक्षण और विस्तार की दिशा में विशेष मार्गदर्शन दिया।इस अवसर पर ग्रामोदय ग्राम विकास समिति, आस्था कला मंच बोड़ला एवं शिव मंगल महिला समिति के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने संगठनों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। ग्रामोदय के कार्यकारी निदेशक चंद्रकांत यादव ने लैंडस्केप रेस्टोरेशन, पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती, जैव उत्पादों के निर्माण तथा किसानों के सशक्तिकरण से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी।
वहीं बीरन हस्तशिल्प के माध्यम से पारंपरिक लोककला एवं हस्तशिल्प के संरक्षण तथा स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने की पहल से भी कलेक्टर को अवगत कराया गया। आस्था कला मंच बोड़ला द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में संविधान एवं ग्राम सभा के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के प्रयासों की जानकारी दी गई। शिव मंगल महिला समिति ने नशा मुक्ति केंद्र एवं वृद्धाश्रम के संचालन तथा समाज के कमजोर वर्गों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों के बारे में बताया।कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सभी संगठनों द्वारा किए जा रहे सामाजिक सरोकार एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने तथा लोगों में जागरूकता पैदा करने में स्वैच्छिक संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिले के विकास में सामाजिक संगठनों से निरंतर सहयोग और सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा व्यक्त की।इस अवसर पर एनजीओ प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रत्नेश गुप्ता, श्रीबाई बैगा, गुरुदास मानिकपुरी, निशांत यादव, चंद्रकांत यादव, कीर्ति, बसंती, छवि भारद्वाज, कोमल सिंह धारवैया, हिमांशु, दिनेश, नितेश, पालसिंह एवं अरविंद कुमार सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
