तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं नेतागण

तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं नेतागण

दुर्ग, 12 अगस्त 2026। भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 13 अगस्त, दिन गुरुवार को जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कौशिक के नेतृत्व में आयोजित यह तिरंगा यात्रा दोपहर 2:00 बजे गवर्नमेंट स्कूल ग्राउंड में एकत्रीकरण होकर वहां से प्रारंभ होगी। यात्रा में जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं नेतागण शामिल होंगे। आयोजित तिरंगा यात्रा का स्वागत विभिन्न समाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के द्वारा जगह-जगह किया जाएगा |

जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि तिरंगा यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों में उत्साह है। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं जिले के सम्मानित नागरिक शामिल होकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रदर्शित करेंगे।

उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा गवर्नमेंट स्कूल ग्राउंड से प्रारंभ होकर पटेल चौक, पुराना बस स्टैंड, इंदिरा मार्केट, कुआं चौक, फरिश्ता कॉम्प्लेक्स, श्री शिवम मॉल एवं अग्रसेन चौक होते हुए शहीद चौक पहुंचेगी। शहीद चौक पर तिरंगा यात्रा का समापन एवं मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

मंचीय कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा संबोधन दिया जाएगा। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्रभक्ति एवं एकता का संदेश दिया जाएगा।

जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कौशिक ने दुर्ग जिले के सभी सम्मानित नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्रभक्तों से जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?