दुर्ग में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड: आरक्षक की पत्नी और बेटे की हत्या, बेटी ICU में
दुर्ग / दुर्ग जिले के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र स्थित एसटीएफ कॉलोनी में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक महिला ने आरक्षक के घर में घुसकर उसकी पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, आरक्षक ललितेश यादव के घर सुबह करीब 8 बजे सरोजनी भारद्वाज नामक महिला पहुंची। उस समय आरक्षक घर पर मौजूद नहीं थे।
आरोपी ने घर में घुसते ही उनकी पत्नी रानी यादव (32 वर्ष) और बेटे आदित्य यादव (9 वर्ष) पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।हमले के दौरान बेटी तानिया यादव ने विरोध किया, जिस पर आरोपी ने उस पर भी जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में तानिया को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह ICU में जिंदगी की जंग लड़ रही है। वहीं, घर में मौजूद एक अन्य बच्ची नैना यादव ने खुद को बाथरूम में बंद कर अपनी जान बचा ली।प्रारंभिक जांच में मामला अवैध संबंधों से जुड़ी रंजिश का बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला और आरक्षक के बीच कथित संबंध थे, जिनमें विवाद के चलते यह वारदात हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी एक दिन पहले भी घर आई थी, लेकिन समझाइश देकर लौटा दिया गया था।घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी सहित पुलिस अधिकारियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस का बयान:“आरोपी महिला ने घर में घुसकर हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हुई है और एक बच्ची घायल है।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, मामले की जांच जारी है।” – सत्यप्रकाश तिवारी, सीएसपीइलाके में घटना के बाद दहशत का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
