डुण्डेरा के सुशासन शिविर में पहुंचे 470 आवेदन, 75 का मौके पर हुआ निराकरण
रिसाली, 30 मई 2026। नगर पालिक निगम रिसाली द्वारा आयोजित वर्ष के अंतिम सुशासन शिविर में डुण्डेरा क्षेत्र के तीन वार्डों के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में कुल 470 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 435 मांग संबंधी एवं 35 शिकायतें शामिल थीं। निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने शिविर के दौरान 75 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर आवेदकों को राहत प्रदान की, जबकि शेष आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल का निरीक्षण करते हुए आयुक्त मोनिका वर्मा ने चार गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म संपन्न कराई। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा करते हुए उन्हें पौष्टिक आहार के नियमित सेवन एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। साथ ही विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।शिविर के दौरान एक दिव्यांग व्यक्ति की समस्या पर आयुक्त ने विशेष संवेदनशीलता दिखाई।
पट्टा संबंधी आवेदन के लिए पहुंचे दिव्यांग को भीड़ में खड़ा देखकर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारी स्वयं उसके पास जाकर आवेदन उपलब्ध कराएं और संबंधित विभाग मौके पर ही आवेदन प्राप्त करे।निगम आयुक्त एवं जनप्रतिनिधियों ने शिविर में छह युवाओं को लर्निंग लाइसेंस भी वितरित किए। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, महापौर परिषद सदस्य रोहित धनकर, पार्षद खिलेन्द्र चंद्राकर, हरिश नायक एवं विधायक प्रतिनिधि गोविंद साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर का संक्षिप्त विवरण कुल आवेदन : 470 मांग संबंधी आवेदन : 435 शिकायतें : 35 मौके पर निराकरण : 75 शेष आवेदन : 395 सुशासन शिविर के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
