बच्चों के क्रिकेट खेलने पर बवाल: दो पक्षों में जमकर मारपीट, चाचा-भतीजे घायल, तीन पर एफआईआर

पंडरिया। ग्राम बाघामुड़ा में बच्चों के क्रिकेट खेलने को लेकर शनिवार शाम दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में चाचा-भतीजे समेत तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक के सिर पर पत्थर लगने से गंभीर चोट आई और उसे सात टांके लगाने पड़े। पंडरिया पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे महादेव दुकान के पीछे खेत में कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान ओम तिवारी और पवन चंद्राकर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान पवन ने ओम के साथ गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मार दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर ओम तिवारी अपने चाचा राजकुमार तिवारी और बड़े भाई हर्ष तिवारी के साथ विवाद सुलझाने पहुंचा। इसी दौरान माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
आरोप है कि पवन चंद्राकर अपने दो साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और तीनों ने मिलकर राजकुमार तिवारी तथा हर्ष तिवारी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान पवन चंद्राकर ने कथित तौर पर पत्थर उठाकर हर्ष तिवारी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और काफी खून बहने लगा। घायल हर्ष को उपचार के दौरान सात टांके लगाए गए। वहीं ओम तिवारी और राजकुमार तिवारी को भी चोटें आई हैं।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के पार्थ तिवारी, समीर डहरिया, अजय डहरिया समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर विवाद को शांत कराया।
घायल हर्ष तिवारी ने डायल-112 को सूचना दी। उपचार के बाद रात 9:18 बजे पंडरिया थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने पवन चंद्राकर और उसके दो साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
मामले की जांच एएसआई माणिक लाल सिन्हा द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
