सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता, बेलपोच्चा के जंगल से नक्सली डम्प बरामद 8 किलो के दो टिफिन बम समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त

सुकमा। जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोंटा थाना क्षेत्र के ग्राम बेलपोच्चा से गोमपाड़ जाने वाले मार्ग के समीप जंगल और पहाड़ी इलाके में पुलिस की संयुक्त टीम ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प का पता लगाया। तलाशी के दौरान पुलिस ने दो वायर रहित टिफिन बम समेत भारी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली उपयोग की सामग्री बरामद की है।पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर बेलपोच्चा-गोमपाड़ मार्ग के आसपास नक्सली डम्प होने की जानकारी मिली थी।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में 30 अगस्त को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान शुरू किया।सुबह करीब 11 बजे सर्चिंग के दौरान टीम को जंगल में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखा गया डम्प मिला। तलाशी में 4 बंडल कोडेक्स वायर, 10 डेटोनेटर, 17 जिलेटिन, एक बंडल फ्यूज वायर, 3 बंडल बिजली वायर, 2 टिफिन बम, 2 स्टील टिफिन, 2 प्लास्टिक डस्टबिन और एक बैटरी सहित अन्य नक्सली उपयोगी सामग्री बरामद हुई।
बरामद दोनों टिफिन बम वायर रहित अवस्था में थे। इनमें एक का वजन 5 किलोग्राम और दूसरे का वजन 3 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस टीम ने बरामद डम्प को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।एसपी मयंक गुर्जर ने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया था, जिसमें नक्सलियों का डम्प बरामद हुआ।
उन्होंने कहा कि जंगल और दुर्गम इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री की तलाश के लिए सर्चिंग एवं एरिया डोमिनेशन अभियान लगातार जारी रहेगा। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
