दहेज में कार नहीं मिलने पर पत्नी को प्रताड़ित करने का आरोप, पति गिरफ्तार

दहेज में कार नहीं मिलने पर पत्नी को प्रताड़ित करने का आरोप, पति गिरफ्तार

दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम उमरपोटी में नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में मर्ग जांच के बाद पुलिस ने दहेज मृत्यु का अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मृतिका के पति विपुल यादव (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को ग्राम उमरपोटी स्थित फेस-01 वेदांत नगर में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना के बाद उतई पुलिस ने मर्ग क्रमांक 75/2026 दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मर्ग जांच के दौरान मृतिका के परिजनों और संबंधित लोगों के बयान लिए गए तथा उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि मृतिका का विवाह आरोपी विपुल यादव से करीब एक वर्ष पहले हुआ था। 22 अप्रैल 2026 को गौना होने के बाद वह ससुराल आई थी।पुलिस के मुताबिक, जांच में आरोप सामने आया कि आरोपी पति द्वारा दहेज में कार नहीं मिलने की बात को लेकर पत्नी से बार-बार विवाद किया जाता था और उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। घटना से एक दिन पहले भी इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने की जानकारी सामने आई है।

मर्ग जांच में प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर उतई पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ अपराध क्रमांक 457/2026, धारा 80(2) बीएनएस के तहत दहेज मृत्यु का अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दहेज की मांग, घरेलू प्रताड़ना या महिलाओं के खिलाफ हिंसा की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?