नरसिंह जस झांकी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भक्तिमय हुआ धनोरा
धनोरा। जय बजरंग बाल गणेश उत्सव समिति धनोरा द्वारा गणेश उत्सव के अवसर पर रविवार की रात 8 बजे से श्री नरसिंह जस झांकी का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों पर आधारित इस झांकी में माता कयाधु और हिरण्यकश्यप के प्रसंग का जीवंत चित्रण किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक पहुंचे।
झांकी के दौरान कलाकारों ने पौराणिक प्रसंगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। भक्ति और धार्मिक भावनाओं से ओतप्रोत प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झांकी शुरू होते ही दर्शक दीर्घा में मौजूद श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे और पूरा वातावरण जयकारों से गूंज उठा।गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष बलराम उर्फ बबलू साहू ने बताया कि बुधवार को शाम 4 बजे से हवन-पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
हवन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं गुरुवार को गाजे-बाजे एवं आकर्षक झांकी के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।आयोजन को सफल बनाने में समिति के बलराम उर्फ बबलू साहू, मुकुल पटेल, गितेश पटेल, मारियल साहू, भोलू, खिलेश्वर साहू, शिवम सपरे, भूपेंद्र साहू, लक्ष्मण साहू, लल्लू साहू, खोमू यादव, विक्रम साहू, हीरामणि, अजय साहू, जीतिन साहू सहित बड़ी संख्या में भक्तगण एवं समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
गणेश उत्सव के दौरान आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर धनोरा में उत्साह का माहौल बना हुआ है। समिति द्वारा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियां भी जोर-शोर से की जा रही हैं।
