राजनांदगांव में EOW-ACB की बड़ी कार्रवाई, दो कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी; कोल लेवी और शराब घोटाले से जुड़े मामले में जांच तेज
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार सुबह EOW (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) और ACB (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) की टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई शुरू की है। कोल लेवी और CSMCL शराब घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में प्रदेशभर में डेढ़ दर्जन से अधिक स्थानों पर दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई की आंच राजनांदगांव तक भी पहुंची है, जहां दो कारोबारियों के आवास पर जांच टीम ने छापा मारा है।
जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव में EOW-ACB की टीम ने पहला छापा कारोबारी जय बग्गा के घर पर मारा, जबकि दूसरी टीम ने सनसिटी स्थित कारोबारी वैभव गोलछा के आवास पर दबिश दी है। दोनों स्थानों पर जांच टीम द्वारा दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कोल लेवी और CSMCL से जुड़े कथित शराब घोटाले की जांच से संबंधित है। जांच एजेंसियों की टीमें रायपुर, राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई, गरियाबंद और राजिम सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर एक साथ सक्रिय हैं।
फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है। जांच के दौरान क्या-क्या दस्तावेज और साक्ष्य मिले हैं, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरे मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
