जनगणना मानदेय भुगतान में देरी से कर्मचारियों में नाराजगी, तत्काल भुगतान की मांग
रायपुर। जनगणना मकान सूचीकरण 2027 के मानदेय भुगतान में हो रही देरी को लेकर प्रदेश भर के कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ ने सरकार से लंबित मानदेय राशि का तत्काल भुगतान कर्मचारियों के खातों में करने की मांग की है।संघ के प्रदेश अध्यक्ष धरमदास बंजारे, प्रदेश मीडिया प्रभारी कमल नारायण चौहान तथा पदाधिकारी मोहम्मद सलीमुद्दीन खान, राजेश बंजारे एवं डी.के. सिरमौर ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि जनगणना मकान सूचीकरण जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को प्रदेश के कर्मचारियों ने भीषण गर्मी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद निर्धारित समय पर पूरा किया।
इसके बावजूद बजट आवंटन और भुगतान संबंधी आदेश जारी होने के बाद भी अब तक मानदेय राशि कर्मचारियों के खातों में नहीं पहुंची है।संघ पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण कर्मचारियों में असंतोष और आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जनगणना कार्य में लगे सभी कर्मचारियों का मानदेय बिना किसी और विलंब के तत्काल उनके बैंक खातों में जमा कराया जाए, ताकि कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिल सके।
