अभाविप प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया को सौंपा ज्ञापन

अभाविप प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया को सौंपा ज्ञापन

पंजाब विश्वविद्यालय में ओलंपिक मानक सिंथेटिक ट्रैक निर्माण को मिली स्वीकृति, खेल संस्कृति के विकास हेतु अभाविप के सुझावों पर सकारात्मक आश्वासन

‘स्पोर्ट्स सामग्री बैंक’ की अभाविप की पहल को केंद्रीय मंत्री ने सराहा, शीघ्र सकारात्मक प्रतिक्रिया का दिया आश्वासन

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार (06 जून, 2026) की देर शाम केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया को देश में खेल संस्कृति के विकास, युवाओं के सशक्तीकरण तथा खिलाड़ियों के हितों से संबंधित विभिन्न सुझावों पर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 2036 ओलंपिक की तैयारियों हेतु राष्ट्रीय ढांचा विकसित करने, प्रत्येक राज्य में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना, प्रत्येक जिले में खेल उत्कृष्टता केंद्र एवं मल्टी-स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने, ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभा खोज अभियान चलाने, खिलाड़ियों के लिए स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, स्पोर्ट्स सामग्री बैंक, राष्ट्रीय डिजिटल एथलीट पोर्टल तथा ‘MY भारत’ वालंटियर्स के मानदेय में वृद्धि सहित अनेक महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए।

केंद्रीय मंत्री श्री मनसुख मांडविया जी से चर्चा की प्रमुख उपलब्धि के रूप में पंजाब विश्वविद्यालय में ओलंपिक मानक वाले सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक की स्थापना संबंधी विद्यार्थी परिषद एवं छात्रसंघ की लंबे समय से चली आ रही मांग को केंद्रीय मंत्री द्वारा स्वीकार करते हुए उसके निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जानकारी दी गई। चर्चा के दौरान बताया गया कि आगामी दो से तीन महीनों में इस परियोजना पर ठोस प्रगति देखने को मिलेगी। इसके साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में ‘स्पोर्ट्स सामग्री बैंक’ स्थापित करने के सुझाव की भी सराहना करते हुए इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक पहल किए जाने का आश्वासन दिया गया।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा, “भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी सामर्थ्य है और विकसित भारत के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है। यदि आधुनिक खेल अवसंरचना, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, समान अवसर तथा खिलाड़ियों के हितों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, तो भारत वैश्विक खेल महाशक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं अपितु युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना के विकास का सशक्त आधार भी हैं। माननीय खेल मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए ज्ञापन में प्रस्तुत अधिकांश विषयों पर सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी तथा शेष सुझावों पर भी गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

अभाविप इन सकारात्मक आश्वासनों का स्वागत करती है और आशान्वित है कि इन विषयों पर शीघ्र प्रभावी निर्णय देश में खेल संस्कृति को नई गति देंगे तथा खिलाड़ियों और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेंगे।”

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?