सुपेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओल्ड नेहरू नगर नकबजनी का आरोपी गिरफ्तार, 2 लाख नकद बरामद
भिलाई/दुर्ग, 19 दिसंबर 2025।थाना सुपेला पुलिस ने ओल्ड नेहरू नगर में हुई नकबजनी (चोरी) के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया ₹2,00,000 नकद, वोटर आईडी कार्ड तथा कंपनी के महत्वपूर्ण कागजात बरामद कर विधिवत जप्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी अतुल कुमार अग्रवाल (54 वर्ष), निवासी ओल्ड नेहरू नगर भिलाई ने 18 दिसंबर 2025 को थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6:30 बजे वे अपने कारखाने से घर लौटे और एक ब्रीफकेस, जिसमें ₹2 लाख नकद, उनका वोटर आईडी और कंपनी के दस्तावेज थे, अपनी पत्नी को देने के लिए घर के प्राइवेट गार्ड को सौंपा।आरोप है कि गार्ड ने चालाकी से रकम से भरा ब्रीफकेस अपने कमरे में छुपा लिया और उसकी जगह दूसरा खाली ब्रीफकेस प्रार्थी की पत्नी को दे दिया। अगले दिन जब ब्रीफकेस खोला गया तो उसमें नकदी और दस्तावेज नहीं पाए गए। मामले में अपराध क्रमांक 1501/2025, धारा 331(4) एवं 306 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान संदेही सन्नी साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी गया ब्रीफकेस, ₹2 लाख नकद, वोटर आईडी कार्ड और कंपनी के कागजात बरामद कर लिए गए। आरोपी को 19 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक विजय कुमार यादव, सहायक उप निरीक्षक राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक अभय शुक्ला तथा आरक्षक आशीष साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
