बस्ती में घुसा घायल हिरन, कुत्तों के झुंड ने किया हमला — वन विभाग मौके पर
कबीरधाम/ घोघरा कुकदूर भीषण गर्मी और पानी की तलाश में भटकते एक हिरन पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए हिरन भागते हुए बस्ती में घुस आया, लेकिन तब तक कुत्तों ने उसके पैर के ऊपरी हिस्से को बुरी तरह काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद बस्ती के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल हिरन को सुरक्षित पकड़ लिया और तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हिरन की निगरानी शुरू कर दी है।फिलहाल वन विभाग द्वारा पशु चिकित्सक का इंतजार किया जा रहा है, ताकि घायल हिरन का उपचार कर उसे सुरक्षित बचाया जा सके।
अधिकारियों के अनुसार, उपचार के बाद हिरन को पुनः उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और जंगलों में पानी की कमी के कारण वन्य जीव लगातार बस्तियों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं।
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वन्य जीव के दिखने पर उससे दूरी बनाए रखें और तत्काल विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
