देर रात दुर्ग पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 13 अड्डेबाजों पर कार्रवाई
दुर्ग पुलिस द्वारा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और रात्रिकालीन अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से गुरुवार देर रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान 07 मई की रात 12 बजे से 08 मई की सुबह 4 बजे तक जिले के 6 प्रमुख चौक-चौराहों पर संचालित किया गया।पुलिस टीमों ने अंजोरा चौक, मुर्गा चौक भिलाई भट्टी, जेल तिराहा पद्मनाभपुर, गदा चौक सुपेला, बोरदा पुलिया जामुल एवं उरला चौक मोहन नगर में सघन वाहन जांच और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली।
अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की चेकिंग के साथ सार्वजनिक स्थानों पर देर रात तक अनावश्यक रूप से घूमने और अड्डेबाजी करने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई।संयुक्त कार्रवाई में थाना पुलिस, यातायात पुलिस और रक्षित केंद्र दुर्ग की टीमों ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों, मादक पदार्थों के परिवहन, धारदार हथियार रखने वाले तथा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की जांच की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और अड्डेबाजी करते पाए गए 13 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 36(च) पुलिस एक्ट के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इनमें थाना भिलाई नगर क्षेत्र के 8, नेवई क्षेत्र के 3 और वैशाली नगर क्षेत्र के 2 व्यक्ति शामिल हैं।
अभियान के दौरान पुलिस ने आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, शराब सेवन कर वाहन नहीं चलाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की समझाइश भी दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
इस कार्रवाई में थाना भिलाई नगर, नेवई, वैशाली नगर, सुपेला, जामुल, मोहन नगर, यातायात पुलिस एवं रक्षित केंद्र दुर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
