कांकेर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों का भारी डम्प बरामद

कांकेर। बस्तर रेंज में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा से लगे जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में नक्सली सामग्री, आईईडी और विस्फोटक सामान बरामद किया गया है।जानकारी के अनुसार, आईजी सुंदरराज पी. और एसपी निखिल राखेचा के मार्गदर्शन में कोयलीबेड़ा पुलिस, डीआरजी और बीएसएफ की 40वीं वाहिनी ने संयुक्त अभियान चलाया।

यह कार्रवाई कांकेर-नारायणपुर सीमा के डोमांज, आमाकोल और गट्टाकाल के पहाड़ी जंगलों में की गई।सर्चिंग के दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक बड़ा नक्सल डम्प मिला। मौके से 50 नग बीजीएल सेल, दो प्रेशर कुकर आईईडी, पेट्रोल बम, पाइप आईईडी और भारी मात्रा में बिजली वायर तथा कॉर्डेक्स वायर बरामद किए गए।बरामद आईईडी में एक 5 किलो और दूसरा 3 किलो वजन का प्रेशर कुकर बम शामिल था।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बम निरोधक दस्ते ने एक आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से विस्फोट कर नष्ट कर दिया।सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन इलाके में लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों की गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।
