महावीर कॉलोनी में जल्द बनेगी नाली, 72 लाख की राशि स्वीकृत महापौर अलका बाघमार की पहल से जलभराव समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी राहत
दुर्ग। नगर पालिक निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 38 स्थित महावीर कॉलोनी में लंबे समय से बनी जलभराव और निकासी की समस्या के समाधान के लिए बड़ी पहल की गई है। महापौर अलका बाघमार के प्रयासों से क्षेत्र में नाली निर्माण कार्य हेतु राज्य शासन द्वारा लगभग 72 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।जानकारी के अनुसार, महावीर कॉलोनी में बरसात के दौरान गंभीर जलभराव की समस्या उत्पन्न होती थी, जिससे स्थानीय नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
क्षेत्रीय पार्षद रामचंद्र सेन एवं कॉलोनीवासियों द्वारा समस्या उठाए जाने पर महापौर ने तत्काल स्थल निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान शेखर चन्द्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकर सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।समस्या की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने अधिकारियों को नाली निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे। लगातार प्रयासों के बाद अब शासन से राशि स्वीकृत हो गई है। बताया गया कि निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा।
नाली निर्माण होने से महावीर कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। स्वीकृति की खबर से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।इसी खुशी को व्यक्त करने के लिए पार्षद रामचंद्र सेन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी महापौर कक्ष पहुंचे और महापौर अलका बाघमार का आभार जताया। नागरिकों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वीकृत कार्य गुणवत्ता एवं समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को जल्द लाभ मिल सके।
