वन अपराधों पर सख्ती और प्रभावी कार्यवाही के उद्देश्य से कवर्धा वनमण्डल में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण आज 16 सितंबर 2025 को काष्ठागार हॉल में वनमण्डल अधिकारी श्री निखिल अग्रवाल के निर्देशन में संपन्न हुआ।प्रशिक्षण में सेवानिवृत्त उपवनमण्डलाधिकारी श्री जितेन्द्र ठाकुर ने वन अपराध प्रकरणों से जुड़ी प्रक्रियाओं और कानूनों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया, स्थल पर अभिलेख तैयार करने की विधि, केस डायरी संधारण, जप्ती प्रक्रिया, अतिक्रमण बेदखली, कोर्ट चालान की कार्यवाही सहित छत्तीसगढ़ काष्ठ चिरान अधिनियम और वन उपज व्यापार विनियमन नियमों पर विशेष रूप से चर्चा की। इस अवसर पर कवर्धा वनमण्डल के उपवनमण्डलाधिकारी, एस.सी.एफ.ओ., सी.एफ.ओ., बी.एफ.ओ. सहित चयनित प्रशिक्षु वनक्षेत्रपाल सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण भविष्य में वन अपराधों पर त्वरित और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
