समुदाय की अनूठी पहल : 124 विद्यार्थियों को मिली टाई-बेल्ट की सौगात

पंच गणेश धुर्वे एवं खेल प्रशिक्षक तुलसी धुर्वे ने स्वयं के व्यय से किया सहयोग, बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान
पण्डरिया- शिक्षा के क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता का एक प्रेरणादायक उदाहरण विकासखंड पण्डरिया के वनांचल क्षेत्र स्थित संकुल केंद्र बिरकोना अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला केशलीगोड़ान में देखने को मिला। विद्यालय के 124 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क टाई एवं बेल्ट वितरित किए गए, जिससे बच्चों में उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण निर्मित हो गया।विद्यालय के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए ग्राम पंचायत केशलीगोड़ान के पंच गणेश धुर्वे एवं खेल प्रशिक्षक तुलसी धुर्वे ने अपने निजी व्यय से लगभग 4 हजार रुपये खर्च कर सभी 124 विद्यार्थियों को टाई एवं बेल्ट प्रदान किए।
उनकी इस सराहनीय पहल ने न केवल बच्चों की विद्यालयी वेशभूषा को और अधिक आकर्षक बनाया, बल्कि उनमें अनुशासन, समानता और विद्यालय के प्रति गौरव की भावना को भी मजबूत किया।कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि अंतुराम पटेल, पंच विरेन्द्र पटेल, गणेश धुर्वे, ग्राम पंचायत सचिव रामकिर्तन यादव, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के शिक्षक शेखलतीफ खान, रामायण प्रसाद ओग्रे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से प्रधान पाठक शिवकुमार बंजारे, शिक्षक सत्येन्द्र नाथ प्रताप सिंह एवं लता चांदसे ने अतिथियों का स्वागत कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रधान पाठक शिवकुमार बंजारे ने कहा कि “विद्यालय और समुदाय के बीच मजबूत सहभागिता ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला है। समाज के सहयोग से बच्चों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलती है तथा उनका मनोबल निरंतर बढ़ता है।”टाई एवं बेल्ट प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
ग्रामीणों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी इस जनहितकारी पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता का अनुकरणीय उदाहरण बताया।
