शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का झांसा देकर 2.01 करोड़ की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार
परिवार के 10 सदस्यों से 3.04 करोड़ रुपये कराए थे ट्रांसफर, 1.03 करोड़ लौटाए, शेष राशि हड़पी
दुर्ग। शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक ही परिवार के 10 सदस्यों से करोड़ों रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवाकर धोखाधड़ी करने के मामले में सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने आरोपी प्रकाश सिन्हा (32) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने परिवार से कुल 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपये निवेश के नाम पर अपने खातों में जमा करवाए थे। इनमें से 1 करोड़ 3 लाख 60 हजार रुपये वापस किए गए, जबकि 2 करोड़ 90 हजार रुपये वापस नहीं किए गए।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी कृष्ण कुमार चंद्राकर (56) निवासी प्रेम सागर चौक, वार्ड क्रमांक 06, बैगापारा दुर्ग ने 29 अगस्त 2026 को थाना सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी प्रकाश सिन्हा स्वयं की शेयर ट्रेडिंग कंपनी संचालित करने का दावा करता था। उसने शेयर बाजार में राशि निवेश करने पर अधिक मुनाफा मिलने का विश्वास दिलाकर प्रार्थी और उसके परिवार के सदस्यों को निवेश के लिए प्रेरित किया।
आरोपी के कहने पर 24 नवंबर 2021 से 13 जनवरी 2022 के बीच परिवार के 10 सदस्यों के विभिन्न बैंक खातों से कुल 3,04,50,000 रुपये आरोपी के खातों में ट्रांसफर किए गए। आरोपी ने समय-समय पर परिवार के सदस्यों को 1,03,60,000 रुपये वापस किए, लेकिन शेष 2,00,90,000 रुपये वापस नहीं किए। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 467/2026, धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।शिकायत के चंद घंटों में आरोपी पुलिस की गिरफ्त मेंमामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी की पतासाजी शुरू की।
पुलिस टीम ने आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ एवं प्रकरण से संबंधित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर घटना से संबंधित एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा प्रकरण में वित्तीय लेन-देन सहित अन्य साक्ष्यों का संकलन जारी है।मुनाफे का लालच देकर रकम ट्रांसफर कराता था आरोपीपुलिस के मुताबिक आरोपी लोगों को शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाकर निवेश के लिए तैयार करता था।
इसके बाद विभिन्न बैंक खातों से राशि अपने खाते में ट्रांसफर करवाता था। विश्वास बनाए रखने के लिए कुछ रकम वापस कर दी जाती थी, लेकिन शेष बड़ी राशि वापस नहीं की गई।दुर्ग पुलिस ने की सावधानी बरतने की अपीलदुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शेयर ट्रेडिंग, ऑनलाइन निवेश अथवा किसी भी वित्तीय योजना में पैसा लगाने से पहले संबंधित कंपनी और व्यक्ति की विश्वसनीयता की पूरी जांच करें। अधिक मुनाफे के लालच में बिना सत्यापन के किसी व्यक्ति या संस्था के खाते में राशि ट्रांसफर न करें।
संदिग्ध वित्तीय लेन-देन अथवा निवेश के नाम पर धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दें।
