दुर्ग पुलिस ने कूरियर व ई-कॉमर्स कंपनियों को दिया विशेष प्रशिक्षण, अवैध हथियार-नशीली दवाओं पर सख्ती के निर्देश

दुर्ग पुलिस ने कूरियर व ई-कॉमर्स कंपनियों को दिया विशेष प्रशिक्षण, अवैध हथियार-नशीली दवाओं पर सख्ती के निर्देश


दुर्ग, 21 अप्रैल 2026। अवैध हथियारों एवं नशीली दवाइयों के परिवहन और व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा कूरियर एवं ई-कॉमर्स कंपनियों के प्रतिनिधियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 दुर्ग में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने NDPS Act एवं Arms Act के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि नशीली दवाइयों और अवैध हथियारों का परिवहन, भंडारण एवं वितरण गंभीर दंडनीय अपराध है, जिन पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाती है। साथ ही जब्ती प्रक्रिया और न्यायालयीन कार्यवाही की जानकारी भी साझा की गई।


कंपनियों को निर्देशित किया गया कि पार्सल बुकिंग के समय प्रेषक की वैध पहचान (KYC) सुनिश्चित करें, संदिग्ध पार्सलों की स्कैनिंग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें। प्रशिक्षण में यह भी जोर दिया गया कि नशीली दवाइयों, धारदार हथियारों एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के परिवहन पर विशेष निगरानी रखी जाए।


इसके अलावा, प्रत्येक हब एवं गोदाम में CCTV कैमरे लगाने, रिकॉर्ड सुरक्षित रखने तथा डिलीवरी एवं पिकअप स्टाफ का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चंद्रा, डीएसपी क्राइम यदुमणि सिदार सहित पुलिस कंट्रोल रूम दुर्ग के अधिकारी एवं विभिन्न कूरियर और ई-कॉमर्स कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


दुर्ग पुलिस ने सभी सेवा प्रदाताओं से अपील की है कि वे विधिक प्रावधानों का कड़ाई से पालन करें और अवैध हथियारों एवं नशीली दवाइयों के कारोबार को रोकने में सक्रिय सहयोग दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील भी की गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?