दुर्ग में बनेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, जिला क्रीड़ांगन समिति की बैठक में मिली सहमति
दुर्ग।दुर्ग जिले को जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात मिलने जा रही है। जिला क्रीड़ांगन समिति की बैठक में पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम परिसर के पुनर्विकास और आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति दी गई। बैठक स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और कलेक्टर अभिजीत सिंह की उपस्थिति में आयोजित हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि बैडमिंटन कोर्ट की भूमि को छोड़कर शेष भूमि को छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के माध्यम से बीसीसीआई को 33 वर्ष की अवधि के लिए लीज पर देने का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा जाएगा। इस भूमि पर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम एवं मानस भवन को जर्जर और अनुपयोगी घोषित किए जाने के बाद दोनों भवनों के अपलेखन की प्रक्रिया पर भी सहमति बनी।
इसके बाद खेल अधोसंरचना विकास के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।समिति ने स्टेडियम परिसर में संचालित दुकानों को अनुबंध की शर्तों के अनुसार एक माह का नोटिस देकर खाली कराने का निर्णय लिया है। साथ ही बैडमिंटन कोर्ट के रखरखाव एवं संचालन की जिम्मेदारी जिला क्रीड़ांगन समिति को सौंपने का फैसला भी लिया गया।स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम जिले और प्रदेश की खेल अधोसंरचना को नई पहचान देगा। इससे युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, महापौर अलका बाघमार, नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल सहित समिति के सदस्य और अधिकारी उपस्थित रहे।
