शराब दुकानों में ओवररेटिंग पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दुर्ग समेत तीन जिलों के 3 एसआई सस्पेंड, 5 अधिकारियों को नोटिस
रायपुर।छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों में निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूले जाने के मामलों पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य स्तरीय और संभागीय उड़नदस्ता टीमों की औचक जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा ने दुर्ग, कांकेर और सरगुजा जिले के तीन आबकारी उप निरीक्षकों (एसआई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वहीं दो जिला आबकारी अधिकारियों (डीईओ) और तीन सहायक जिला आबकारी अधिकारियों (एडीईओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।जांच के दौरान उड़नदस्ता टीमों ने ग्राहकों के माध्यम से शराब दुकानों में ओवररेटिंग की पुष्टि की। कई दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूली जाती पाई गई, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की गई।आबकारी आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि राज्यभर में शराब दुकानों की लगातार निगरानी की जा रही है और अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नोटिस प्राप्त अधिकारियों को सात दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ एकपक्षीय दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।यह आठ दिनों के भीतर आबकारी विभाग की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 11 जून को भी विभाग ने अनियमितताओं के मामलों में करीब एक दर्जन अधिकारियों के खिलाफ निलंबन और नोटिस की कार्रवाई की थी।
इन तीन एसआई को किया गया निलंबित
अनिल गुप्ता (अंबिकापुर): सरगुजा जिले की बौरीपारा विदेशी शराब दुकान में निर्धारित दर से 100 रुपये अधिक वसूली का मामला सामने आया।
ओम प्रकाश (भानुप्रतापपुर): कांकेर जिले की दुर्गकोंदल शराब दुकान में बीयर की बोतल निर्धारित मूल्य से 10 रुपये अधिक में बेची गई।
हरीश पटेल (दुर्ग): दुर्ग जिले की अंजोरा देशी शराब दुकान में 24 पाव शराब की बिक्री पर 80 रुपये अतिरिक्त वसूले जाने की पुष्टि हुई।
इन अधिकारियों को जारी किया गया नोटिस
सी.आर. साहू, जिला आबकारी अधिकारी, दुर्ग – अंजोरा दुकान में अनियमितता के मामले में।
लक्ष्मीकांत गायकवाड़, जिला आबकारी अधिकारी, सरगुजा – बौरीपारा दुकान में अधिक कीमत पर शराब बिक्री।
धीरज कनौजिया, सहायक जिला आबकारी अधिकारी, दुर्ग – अंजोरा दुकान में गड़बड़ी।
मधुकर श्याम हरित, सहायक जिला आबकारी अधिकारी, कांकेर – दुर्गकोंदल दुकान में बीयर की ओवररेटिंग।
शीला बड़ा, सहायक जिला आबकारी अधिकारी, सरगुजा – बौरीपारा दुकान में निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर शराब बिक्री।
बैगा आदिवासियों से अवैध वसूली की भी शिकायत इधर, कबीरधाम (कवर्धा) जिले में आबकारी विभाग के दो एसआई पर विशेष संरक्षित बैगा आदिवासियों से अवैध वसूली और फर्जी प्रकरण दर्ज करने के आरोप लगे हैं। छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद ने आबकारी आयुक्त को शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि दोनों अधिकारी ग्रामीणों को जेल भेजने की धमकी देकर 10 से 25 हजार रुपये तक की अवैध वसूली करते हैं।
परिषद ने शिकायत के साथ कथित पीड़ित बैगा आदिवासियों की सूची भी संलग्न की है। मामले की जांच की मांग की गई है।आबकारी विभाग की इस कार्रवाई को शराब दुकानों में ओवररेटिंग और अनियमितताओं पर सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूलने और निरीक्षण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
