इंद्रावती पार कर कलेक्टर पहुंचे वनांचल के गांव, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
दंतेवाड़ा, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने गुरुवार को गीदम विकासखंड के अतिदुर्गम ग्राम भिरसापारा और पालोडी का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ 6 से 8 किलोमीटर पैदल सफर तय कर राशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने उनके निराकरण का आश्वासन दिया।दौरे के दौरान ग्राम पंचायत गुमलनार की सरपंच ने बारिश के समय इंद्रावती नदी पार आवागमन की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर ने वैकल्पिक व्यवस्था के लिए पहल करने की बात कही।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
