अभाविप कोरिया (एमसीबी) में नई टीम का ऐलान: बलबीर पुषाम फिर बने जिला संयोजक, सरिता सिंह को जिला छात्रा प्रमुख की जिम्मेदारी
कोरिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) छत्तीसगढ़ के प्रदेश अभ्यास वर्ग का आयोजन 12 से 15 जून तक गरियाबंद जिले के राजिम में संपन्न हुआ। अभ्यास वर्ग के समापन अवसर पर आगामी कार्यकाल के लिए संगठन के विभिन्न दायित्वों की घोषणा की गई।घोषणा के तहत कोरिया (एमसीबी) जिले के सक्रिय छात्र नेता बलबीर पुषाम को लगातार दूसरी बार जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं सरिता सिंह को जिला छात्रा प्रमुख तथा अशोक यादव को पुनः जिला विद्यार्थी विस्तारक नियुक्त किया गया।
नई जिम्मेदारियों की घोषणा के बाद जिलेभर के अभाविप कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है।बलबीर पुषाम लंबे समय से विद्यार्थी परिषद से जुड़े हुए हैं और छात्रहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करते रहे हैं। नगर मंत्री और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके बलबीर ने शिक्षा, फीस, छात्र सुविधाओं और अधिकारों से जुड़े विषयों पर संगठन का प्रभावी नेतृत्व किया है। उनकी पुनर्नियुक्ति को संगठन के विस्तार और छात्र आंदोलनों को नई गति देने वाला निर्णय माना जा रहा है।वहीं जनजातीय समाज से आने वाली युवा छात्रा नेता सरिता सिंह को जिला छात्रा प्रमुख की जिम्मेदारी मिली है।
वर्तमान में वे नगर सह मंत्री (मनेंद्रगढ़) एवं खेलो भारत प्रांत टोली सदस्य के रूप में भी सक्रिय हैं। खेल और छात्र नेतृत्व दोनों क्षेत्रों में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उन्हें छात्राओं के बीच लोकप्रिय बनाया है। संगठन को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में छात्राओं की भागीदारी और अधिक मजबूत होगी।पुनः जिला संयोजक बनने पर बलबीर पुषाम ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पहले से अधिक मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करने तथा संगठन के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प व्यक्त किया।
