दुर्ग जिले में ऑयल पाम खेती को मिल रहा नया विस्तार, कलेक्टर ने किया खेतों और डेयरी फार्म का निरीक्षण
दुर्ग, 9 जून। जिले में ऑयल पाम खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने धमधा विकासखंड के ग्राम कंदई एवं धौराभांठा का दौरा कर ऑयल पाम खेती और विभिन्न कृषि गतिविधियों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों द्वारा ऑयल पाम के साथ ड्रैगन फ्रूट, आम, मौसंबी, पपीता, अमरूद एवं केला जैसी फसलों की सफल खेती का अवलोकन किया।
उन्होंने किसानों से चर्चा कर खेती की तकनीकों, उत्पादन और आय संबंधी जानकारी ली तथा विविध फसलों के साथ ऑयल पाम खेती को अपनाने की सराहना की।कलेक्टर ने धौराभांठा स्थित जिले के सबसे बड़े जैविक एवं हाई-टेक एसजे डेयरी फार्म का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गायों को गुड़ खिलाकर पशुपालन और जैविक खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उन्होंने डेयरी प्रबंधन, पशुओं के स्वास्थ्य और आधुनिक तकनीकों के उपयोग की जानकारी भी प्राप्त की।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार की राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-ऑयल पाम (एनएमईओ-ओपी) योजना के तहत किसानों को अनुदान एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के प्रभाव से जिले में ऑयल पाम खेती का रकबा लगातार बढ़ रहा है और किसान इसके प्रति रुचि दिखा रहे हैं।कलेक्टर ने कहा कि ऑयल पाम के साथ बहुफसली खेती अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।
कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे जिले में कृषि के नए अवसर विकसित हो रहे हैं।
