ट्रांसपोर्ट नगर के ढाबे के पीछे युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
कवर्धा। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक ढाबे के पीछे शनिवार को एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।मृतक की पहचान दिनेश लहरे के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।
