गाली-गलौज, मारपीट व छेड़छाड़ के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
दुर्ग। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में युवती के साथ गाली-गलौज, मारपीट एवं छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 जनवरी 2026 को प्रार्थिया ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 जनवरी 2026 की रात्रि लगभग 10:30 बजे आरोपी उसके घर के बाहर खड़ा होकर नाम लेकर अश्लील गाली-गलौज कर रहा था।
विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की तथा जान से मारने और दुष्कर्म करने की धमकी दी।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 49/2026 के तहत धारा 75(1)(4), 296, 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। विवेचना के दौरान आरोपी की लगातार पतासाजी की गई।दिनांक 11 फरवरी 2026 को आरोपी शिवम चन्द्राकर (उम्र 26 वर्ष), निवासी उरला राम नगर, दुर्ग को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ उपरांत उसे विधिवत गिरफ्तार कर शाम 4:00 बजे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
घटना उरला क्षेत्र स्थित प्रार्थिया के निवास स्थान की है। प्रकरण में किसी प्रकार की जप्ती नहीं की गई है।इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग के पुलिस अधिकारियों एवं स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही, जिन्होंने सतत पतासाजी कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।दुर्ग पुलिस की अपीलदुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
