आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 36 हजार से अधिक नगदी जब्त
दुर्ग पुलिस की जुआ और सट्टा के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में थाना मोहन नगर पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन जुआ खिलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और नगदी रकम बरामद की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 07 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि रेलवे स्टेशन के सामने होटल ऋषि के पास कुछ लोग आईपीएल क्रिकेट मैच पर रुपए पैसों का दांव लगाकर अवैध जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना मोहन नगर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 305/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6 के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहसिन खान (20 वर्ष) एवं राहिल खान (23 वर्ष), निवासी रिसाई पारा धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 03 नग मोबाइल फोन तथा 36,100 रुपये नगद जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी आईपीएल क्रिकेट मैच पर रुपए पैसों का दांव लगाकर अवैध रूप से धन लाभ अर्जित करने का कार्य कर रहे थे। इस कार्रवाई में थाना मोहन नगर पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अवैध जुआ, सट्टा या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
