ग्राम गुँझेटा में मकान सूचीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण, तहसीलदार राजश्री पांडे ने की सराहना की
पंडरिया/कुंडा/कबीरधाम – भारत सरकार के जनगणना अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत तहसील कुंडा के ग्राम गुँझेटा (ब्लॉक कोड HLO-0021) में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। यह कार्य तहसीलदार राजश्री पांडे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।अभियान के तहत ग्राम के प्रत्येक घर तक पहुँचकर प्रगणक भरत डोरे द्वारा सूक्ष्मता के साथ आंकड़ों का संकलन किया गया।
अंतिम रिपोर्ट के अनुसार ग्राम गुँझेटा में कुल 170 भवनों का चिन्हांकन किया गया, जबकि विस्तृत गणना के दौरान कुल 189 मकानों (हाउसहोल्ड) का पंजीयन किया गया।पूरे अभियान के दौरान पर्यवेक्षक कलीराम चंद्राकर ने फील्ड स्तर पर निगरानी करते हुए आंकड़ों की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की।तहसीलदार राजश्री पांडे ने बताया कि यह आंकड़े शासन की आगामी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रगणक भरत डोरे ने मात्र 3 दिनों के भीतर सभी भवनों एवं मकानों की जानकारी डिजिटल पोर्टल पर सफलतापूर्वक अपलोड कर उत्कृष्ट कार्य किया है।
तहसीलदार ने इस राष्ट्रीय दायित्व को सफल बनाने में सहयोग देने वाले ग्रामवासियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, राजस्व अमले तथा गणना दल की सराहना की। एकत्रित आंकड़ों का उपयोग आगामी जनगणना के मुख्य चरण के लिए आधार के रूप में किया जाएगा।
