बालोद में मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया सामूहिक योगाभ्यास, नियमित योग अपनाने का दिया संदेश
बालोद, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बालोद के इंडोर स्टेडियम में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पतंजलि योगपीठ के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उन्होंने जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, गणमान्य नागरिकों और जिला प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर मंत्री गजेन्द्र यादव ने सभी प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 21 जून भारतीय संस्कृति और योग की वैश्विक पहचान का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ बौद्धिक विकास का भी सशक्त माध्यम है और इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।उन्होंने कहा कि सामूहिक योग की यह परंपरा हर वर्ष और अधिक व्यापक होनी चाहिए। योग के नियमित अभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा व्यक्ति स्वस्थ और संतुलित जीवन जी सकता है।
उन्होंने लोगों से अपने घर, परिवार और मोहल्ले में प्रतिदिन योगाभ्यास करने की अपील की।मंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी, जिसके परिणामस्वरूप आज पूरी दुनिया योग के महत्व को स्वीकार करते हुए इस दिवस को उत्साहपूर्वक मना रही है।
