मनेन्द्रगढ़ छात्रावास में बदहाल व्यवस्था, 7 दिन का अल्टीमेट—अभाविप ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

मनेन्द्रगढ़। अनुसूचित जनजाति छात्रावास में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) इकाई मनेन्द्रगढ़ ने मोर्चा खोल दिया है। परिषद के कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपकर छात्रावास की खराब स्थिति पर गंभीर चिंता जताई।अभाविप के अनुसार छात्रावास में रहने वाले छात्र मूलभूत सुविधाओं के अभाव में अत्यंत दयनीय स्थिति में जीवन यापन कर रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में प्रमुख समस्याओं के रूप में छात्रावास परिसर में बोरवेल की कमी, स्वच्छ पेयजल का अभाव और भीषण गर्मी के बावजूद वाटर कूलर की अनुपलब्धता को उजागर किया गया।नगर मंत्री बृजेन्द्र मिश्रा ने कहा कि छात्रों को पानी जैसी बुनियादी सुविधा भी उपलब्ध नहीं हो पाना बेहद चिंताजनक और निंदनीय है। वहीं नगर सह मंत्री महेश कौशिक ने भीषण गर्मी में छात्रों को पेयजल के लिए जूझना पड़ने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।अभाविप ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो छात्रहित में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अभाविप इकाई मनेन्द्रगढ़ के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
