विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : एकलव्य आईसेक्ट इंस्टीट्यूट के खिलाफ अभाविप का प्रदर्शन
कॉलेज प्रबंधन पर आर्थिक शोषण और अनियमितता का आरोप
2 दिन में कार्रवाई का जिला प्रशासन ने दिया आश्वासन
बैकुंठपुर/कोरिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) बैकुंठपुर-कोरिया इकाई ने एकलव्य आईसेक्ट कॉलेज भट्ठीपारा में विद्यार्थियों के साथ कथित आर्थिक शोषण एवं अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। परिषद के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कॉलेज प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।अभाविप ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों से परीक्षा एवं प्रशिक्षण के नाम पर हजारों रुपये की राशि लेने के बावजूद अब तक न तो परीक्षा आयोजित कराई गई है और न ही विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गए हैं।
इससे विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।ज्ञापन में बताया गया कि सत्र 2024-25 के करीब 52 विद्यार्थियों से प्रति विद्यार्थी लगभग 20 हजार रुपये लिए गए थे, जबकि सत्र 2025-26 के 16 विद्यार्थियों से 10 से 15 हजार रुपये तक वसूले गए। विद्यार्थियों का कहना है कि फीस जमा कराने के बाद भी उन्हें परीक्षा और प्रमाण पत्र नहीं मिले।अभाविप ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा विद्यार्थियों से ली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।
परिषद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा।प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभाविप कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने मामले में 2 दिनों के भीतर जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
