नयापारा चौक में चेकिंग के दौरान युवक गिरफ्तार, 2 किलो से अधिक गांजा व हथियार बरामद
दुर्ग, 22 अप्रैल 2026। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.176 किलोग्राम गांजा, मोबाइल फोन और एक धारदार हथियार जप्त किया गया है।पुलिस के अनुसार नयापारा चौक पर नियमित वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा।
संदेह होने पर टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से प्लास्टिक पैकेट में रखा गांजा बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा बिक्री के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने मौके पर ही गवाहों के समक्ष जप्ती कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान उमेश यादव उर्फ दादू (20 वर्ष), निवासी शिवपारा, दुर्ग के रूप में हुई है।जब्त सामग्री में 2.176 किलोग्राम गांजा (कीमत करीब 1,08,800 रुपये), एक पुराना वन प्लस मोबाइल और एक धारदार हथियार शामिल है।
कुल जप्त सामग्री की कीमत लगभग 1,10,300 रुपये आंकी गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(ख), 27(क) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।इस कार्रवाई में निरीक्षक नवीन कुमार राजपूत सहित सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसीयू टीम के अधिकारियों की अहम भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।
