जिला अस्पताल दुर्ग में ‘एक पौधा बेटी के नाम’ अभियान के तहत नवजात बेटियों की माताओं को भेंट किए गए पौधे

जिला अस्पताल दुर्ग में ‘एक पौधा बेटी के नाम’ अभियान के तहत नवजात बेटियों की माताओं को भेंट किए गए पौधे


दुर्ग। स्वर्गीय पांडुरंग रामा राव डोंगांवकर की स्मृति में जिला चिकित्सालय दुर्ग के मातृत्व एवं शिशु (एमसीएच) विभाग में ‘एक पौधा बेटी के नाम’ अभियान की दूसरी कड़ी के अंतर्गत नवजात बच्चियों की माताओं को पौधे भेंट कर बेटियों के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।


जीवन दीप समिति के आजीवन सदस्य दिलीप ठाकुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 20 नवजात बच्चियों की माताओं को उपहार स्वरूप पौधे प्रदान किए गए। इनमें एमसीएच विभाग के तृतीय तल पर 10 तथा चतुर्थ तल पर 10 माताओं को पौधे वितरित किए गए।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बेटियों के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों एवं अतिथियों ने नवजात बच्चियों की माताओं को शुभकामनाएं देते हुए बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। साथ ही, उपहार स्वरूप दिए गए पौधों का नियमित संरक्षण एवं संवर्धन करने का भी आह्वान किया।


कार्यक्रम में सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीष कुमार मिंज, गायनिक विभाग प्रमुख डॉ. बी.आर. साहू, क्लाइमेट चेंज के नोडल अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे, जिला महामारी विशेषज्ञ रितिका सोनवानी, जीवन दीप समिति के कार्यकारिणी सदस्य विजय ताम्रकार, मानद सदस्य प्रशांत डोंगांवकर, सुंदर बंसल, हरिश्चंद ठाकुर, ओम सत्यम शिक्षण एवं जन विकास समिति के अध्यक्ष सीताराम ठाकुर, के.आर. मुदलियार, दुर्ग जिला करनी सेना के अध्यक्ष नीलू सिंह, मेट्रन सी. बोरकर, स्टाफ नर्स एवं अस्पताल के कर्मचारीगण सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने संकल्प लिया कि बेटी के जन्म को उत्सव के रूप में मनाते हुए प्रत्येक परिवार एक पौधा अवश्य लगाए और उसका संरक्षण कर समाज में पर्यावरण संरक्षण एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश जन-जन तक पहुंचाए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?