मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 15 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न विधायक ललित चंद्राकर और रिकेश सेन ने नवदंपत्तियों को दिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 15 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न

वैशाली नगर लोकआंगन परिसर में विधायक ललित चंद्राकर और रिकेश सेन ने नवदंपत्तियों को दिया आशीर्वाद

प्रत्येक जोड़े को ₹50 हजार सहायता राशि और गृहस्थी सामग्री भेंट

दुर्ग/ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत वैशाली नगर स्थित लोकआंगन परिसर में भव्य आदर्श सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 15 जोड़ों का विवाह पूरे विधि-विधान और सामाजिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया गया।समारोह में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) ललित चंद्राकर और वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन मुख्य रूप से शामिल हुए। दोनों विधायकों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

शासन की ओर से प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता राशि का चेक एवं गृहस्थी का आवश्यक सामान प्रदान किया गया।विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है और इससे दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने में मदद मिल रही है।

वहीं विधायक रिकेश सेन ने कहा कि विवाह दो आत्माओं और दो परिवारों का पवित्र मिलन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना नई दिशा दे रही है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए विभागीय अधिकारियों को योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता से पहुंचाने के निर्देश दिए।कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।

समारोह में बड़ी संख्या में वर-वधू पक्ष के परिजन, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?