जिला चिकित्सालय दुर्ग में हृदय रोगियों के लिए बड़ी सौगात प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आकाश बक्शी प्रत्येक शुक्रवार देंगे निःशुल्क सेवाएं
दुर्ग। कलेक्टर महोदय के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय दुर्ग में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। अब हृदय रोग से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सुप्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आकाश बक्शी द्वारा जिला चिकित्सालय में निःशुल्क हृदय रोग परामर्श एवं परीक्षण सेवाएं प्रारंभ कर दी गई हैं।500 बिस्तरों की क्षमता वाले जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज उपचार हेतु पहुंचते हैं।
यहां मेडिसिन, त्वचा रोग, नेत्र रोग, कान-नाक-गला, शल्य चिकित्सा, अस्थि रोग, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य, डायलिसिस, आईसीयू, आपातकालीन सेवाएं तथा बर्न यूनिट जैसी अनेक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं संचालित हैं। इसके साथ ही 500 यूनिट क्षमता वाला आधुनिक ब्लड बैंक भी मरीजों को सेवाएं प्रदान कर रहा है।अब इसी क्रम में हृदय रोग विभाग की सेवाएं भी प्रारंभ हो गई हैं। जिला चिकित्सालय के कक्ष क्रमांक-17 में संचालित इस विभाग में डॉ. आकाश बक्शी प्रत्येक माह के प्रत्येक शुक्रवार सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निःशुल्क परीक्षण, परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
उनकी सेवाओं का शुभारंभ 12 जून से किया गया है।यह पहल विशेष रूप से उन मरीजों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी जो आर्थिक कारणों से निजी अस्पतालों में हृदय रोग संबंधी परामर्श प्राप्त नहीं कर पाते। जिला चिकित्सालय में ही विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होने से समय, धन और संसाधनों की बचत होगी तथा गंभीर हृदय रोगों की समय पर पहचान और उपचार संभव हो सकेगा।सेवाओं के शुभारंभ अवसर पर जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. ए.के. मिंज, जीवन दीप समिति के आजीवन सदस्य दिलीप ठाकुर एवं सतीश सुराना, छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी संघ के दुर्ग संभागीय अध्यक्ष अजय नायक तथा ओम सत्यम शिक्षण एवं जन विकास समिति के अध्यक्ष सीताराम ठाकुर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिले के नागरिकों ने इस जनहितैषी पहल का स्वागत करते हुए इसे स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
