दुर्ग नगर निगम के खिलाफ कांग्रेस का 18 मई को विशाल जनआंदोलन

दुर्ग नगर निगम के खिलाफ कांग्रेस का 18 मई को विशाल जनआंदोलन

दुर्ग। शहर जिला कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस पार्षद दल द्वारा नगर निगम दुर्ग की कार्यप्रणाली के विरोध में 18 मई 2026, सोमवार को विशाल जनआंदोलन आयोजित किया जाएगा।

कांग्रेस शहर महामंत्री मुकेश साहू ने जानकारी दी कि आंदोलन सुबह 11 बजे नगर पालिक निगम, दुर्ग परिसर में किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने शहर की विभिन्न मूलभूत समस्याओं और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर आम जनता से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।जारी पोस्टर के अनुसार आंदोलन में जल संकट, लंबित पेंशन, कचरा प्रबंधन, सफाई व्यवस्था, टेंडर में अनियमितता, नाला-नाली सफाई, तालाब गहरीकरण में भ्रष्टाचार तथा प्रधानमंत्री आवास योजना में मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।कांग्रेस का आरोप है कि शहर में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, लो-प्रेशर और अनियमित पानी सप्लाई से नागरिक परेशान हैं।

वहीं वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन कई महीनों से लंबित होने के कारण हितग्राहियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन की स्थिति भी खराब बताई गई है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।पोस्टर में यह भी आरोप लगाया गया है कि टेंडर प्रक्रिया में एसओआर दर से अधिक राशि पर कार्य दिए जा रहे हैं, जिससे नगर निगम को आर्थिक नुकसान हो रहा है।

साथ ही तालाब गहरीकरण के नाम पर भ्रष्टाचार और प्रधानमंत्री आवास कॉलोनियों में पेयजल, बिजली, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव का मुद्दा भी उठाया गया है।कांग्रेस नेताओं ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और महिलाओं से आंदोलन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

इस आंदोलन का नेतृत्व पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले तथा शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल करेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?